रटौल। गौना गांव के जंगल में भैयादूज पर्व के दिन महादेव ब्रिक फील्ड पर दीवार गिरने से मुनीम दिनेश यादव और मजदूर राजेंद्र की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मजदूर राजेंद्र के बेटे रवि की तहरीर के आधार पर चांदीनगर पुलिस ने अज्ञात भट्ठा मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गाजियाबाद जिले के निस्तौली गांव निवासी रवि ने बताया कि उसके पिता ईंट सप्लायर के पास ट्रकों में ईंट भरने का काम करते थे। भैयादूज पर्व के दिन अपने साथी टिररी निवासी नसीरपुर जिला फतेहपुर और गांव के ही पल्लू, दर्शन के साथ महादेव ब्रिक फील्ड पर ट्रक में ईंट भरने आए थे। इस दौरान ईंट भट्ठे की दीवार भी भरभराकर गिर गई। उसके नीचे दबने से उसके पिता राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुनीम दिनेश यादव की गाजियाबाद के अस्पताल में मौत हुई।
घायल पल्लू और दर्शन का निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया। इसमें जांच अधिकारी अतर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात भट्ठा मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें जांच में भट्ठा मालिक का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।