सपा के जिलाध्यक्ष, पूर्व प्रत्याशी समेत 21 को नामजद
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में प्रदेश सरकार का पुतला फूंकने के मामले में पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष समेत 21 नेताओं व कार्यकर्ताओं के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया है।
सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बीती चार अक्तूबर को लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला कार्यालय से राष्ट्र वंदना चौक तक जुलूस निकाला था। वहां प्रदेश सरकार का पुतला फूंका था। इससे रोड पर जाम लग गया था। इस मामले में कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा का कहना है कि सपा के 21 नेताओं को नामजद कर मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, महिला सभा की जिलाध्यक्ष सीमा यादव, पूर्व प्रत्याशी अर्जुन अवार्डी शौकेंद्र पहलवान, राजीव प्रधान, डॉ. शकील अहमद, रणधीर सिंह, अंकुर यादव, हाजी नौशाद, सचिन, इसरार, शौकीन अली, फिरोज, नवाब सैफी, संगीता पंवार, रमन सिंह, प्रशांत यादव, अनुज यादव, इंतजार, राहुल व बिट्टू शामिल हैं। इस मामले में विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।