बागपत में रटौल चौकी पुलिस ने कोविड-19 गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर तीन धार्मिक स्थलों में पहुंचे करीब 200 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसडीएम व सीओ की अपील के बावजूद धार्मिक स्थलों में भीड़ एकत्र होने पर अधिकारियों ने भी नाराजगी जताई है।
कोरोना महामारी के बीच ईद के त्योहार के मद्देनजर गुरुवार को रटौल गांव में एसडीएम खेकड़ा अजय कुमार, सीओ मंगल सिंह रावत और थाना प्रभारी शिवप्रकाश पहुंचे थे। अधिकारियों ने अकीदतमंदों से कोराना गाइडलाइन का पालन करने और घरों में ही नमाज पढ़ने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी थी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद शाम को गांव की मरकज मस्जिद, पीरजियान मस्जिद, मदीना मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग नमाज के लिए एकत्र हुए। इन्होंने सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया। कई लोगों ने मास्क भी नहीं लगाए थे। इस पर रटौल चौकी प्रभारी अनूप सिंह ने कोविड-19 के प्रोटोकॉल के उल्लंघन के आरोप में इमाम समेत 60 नामजद व 150 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि दुकान खोलने वाले 25 दुकानदारों के खिलाफ भी मुकदमा कायम कराया है।
सख्त कार्रवाई की जाएगी
प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू लागू है। किसी भी तरह के कार्यक्रम के लिए भीड़ एकत्र करने की अनुमति नहीं है। अधिकारियों ने दिन में भी रटौल पहुंचकर लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की थी। इसके बाद भी भीड़ जमा हो गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- अभिषेक सिंह, एसपी बागपत