एसडीएम ने की लोगों से सावधान रहने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। सावधान, यदि आप किसी फर्जी ऑक्सीमीटर एप से संबंधित लिंक पर क्लिक करना चाहते हैं तो रुक जाएं। ऐसा करने से आप कई प्रकार की हेराफेरी की शिकार हो सकते हैं। ऑनलाइन ठगी करने वालों ने ऐसा तरीका खोज निकाला है, जिसके माध्यम से वे लोगों को शिकार बना रहे हैं। एसडीएम व सीओ ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नागरिकों से सहयोग मांगा है। कोरोना महामारी काल में अधिकतर लोग शरीर की ऑक्सीजन जांचने के लिए ऑक्सीमीटर या एप का प्रयोग कर रहे हैं। इसलिए साइबर ठगों ने यह एप तैयार कर लोगों के पास लिंक भेजना शुरू कर दिया है।
एसडीएम दुर्गेश मिश्र ने बताया कि जाली ऑक्सीमीटर एप बनाकर इंटरनेट व मोबाइल पर भेजी जा रही है। क्लिक करते ही किसी भी प्रकार की ठगी हो सकती है। लोगों को फंसाने के लिए यूआरएल लिंक भेजे जा रहे हैं। ऐसे जाली एप को डाउनलोड कराने के बाद ठगी करने वाले आक्सीजन लेवल जांचने का झांसा देकर फिंगरप्रिंट स्कैन करने के लिए संदेश भेजते हैं। हैर्क्स बड़ी आसानी से फिंगरप्रिंट स्कैनर द्वारा या अन्य संदेश से ओटीपी नंबर भेजकर हमारे बैंक से संबंधित व निजी जानकारी हासिल कर हमें शिकार बना लेते हैं। उधर, सीओ आलोक कुमार ने नागरिकों से ऐसे ऑक्सीमीटर एप डाउनलोड न करने अपील की है।