मिट्टी का तेल न मिलने पर कार्डधारकों ने किया प्रदर्शन
बड़ौत। लॉकडाउन के बाद बाहर से आए अप्रवासी व कार्डधारकों ने रविवार को औढ़ापुर व चौबली गांव में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन व आपूर्ति विभाग पर जानबूझकर मिट्टी का तेल का वितरण करने की बजाएं लाखों लीटर तेल वापस भेजने का आरोप लगाया और जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
औढ़ापुर गांव में एकत्रित हुए कार्डधारकों का कहना है कि वे परिवार के पालन-पोषण के लिए दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, मध्यप्रदेश आदि जगहों पर रोजी-रोटी के लिए चले गए थे, लेकिन लॉकडाउन के चलते फैक्टरियां व उद्योग बंद होने पर वापस आना पड़ा। आरोप लगाया कि स्थानीय अफसरों व आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने मिट्टी के तेल का वितरण करने की बजाएं अप्रैल व मई माह में लाखों लीटर तेल कंपनी को वापस भेज दिया। अब हमारे पास न तो बिजली का कनेक्शन है और न ही रात के समय घर को रोशन करने के लिए कोई अन्य साधन। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सूर्यप्रकाश पाठक का कहना है कि जिला प्रशासन व विभागीय अफसरों से वार्ता करने के बाद जल्द ही जरूरतमंदों को तेल वितरित किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में रामनाथ, रामदेव, अनस, फुरकान, जफर, मामू, इकबाल, जगदीश, संजीव, हरेंद्र, नीटू, प्रमोद शामिल रहे।