रमाला। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर एक कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में शामली के व्यापारी गौरव गोयल, उनके पिता और पत्नी एयरबैग खुलने से सुरक्षित बच गए। यह हादसा अशरफाबाद थल के पास बैरिकेड्स से बचने के प्रयास में हुआ। गौरव गोयल ने ठेकेदार पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
गौरव गोयल ने बताया कि वे अपने पिता दिनेश कुमार गोयल और पत्नी पूजा के साथ दिल्ली से घर लौट रहे थे। अशरफाबाद थल गांव के पास एक्सप्रेसवे पर अचानक बैरिकेड्स आ गए, जहां कोई चेतावनी बोर्ड नहीं था। बैरिकेड्स से बचने की कोशिश में उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। गोयल ने कहा कि यदि एयरबैग नहीं खुलते तो हादसा बड़ा हो सकता था। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार हटवाकर आवागमन शुरू कराया। इस मामले में थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। क्षतिग्रस्त कार हटवा दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।