सांकरौद में ग्रामीण को कुचलने वाला कैंटर दिल्ली से बरामद
खेकड़ा। क्षेत्र के गांव साकरौद निवासी युवक को कुचलने वाले कैंटर को पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर लिया है। आरोपी चालक अब भी फरार है। साथ ही नगर मे किन्नर के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है।
सांकरौद में 9 अक्तूबर की देर शाम ग्रामीण अनिल को कैंटर ने कुचल दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद आरोपी चालक कैंटर लेकर भागने में कामयाब हो गया था। मृतक के परिजनों ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस तभी से उसकी तलाश में जुटी थी। रविवार की रात पुलिस ने कैंटर को दिल्ली से बरामद कर लिया। लेकिन आरोपी चालक अब भी फरार है।
दूसरी ओर, कोतवाली पुलिस एक माह पूर्व नगर के मोहल्ला औरंगाबाद शेखपुरा निवासी किन्नर के घर हुई दो लाख से अधिक की चोरी के मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि उसे अहम सुराग मिले हैं। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि गांव सांकरौद निवासी अनिल की मौत के बाद आरोपी चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने कैंटर को बरामद कर लिया है। जल्द ही कैंटर चालक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद