संवाद न्यूज एजेंसी
बालैनी। पंचायत चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिए प्रत्याशी अवैध शराब का जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं। आरोप है कि हिंडन चौकी प्रभारी ने मतदाताओं को शराब बांट रहे प्रत्याशियों को गिरफ्तार करने के बाद छोड़ दिया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की तो चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर मामले में जांच बैठा दी गई।
आरोप है कि हिंडन चौकी प्रभारी संजीव यादव ने पुलिस टीम के साथ सुबह छह बजे बालैनी गांव के प्रधान पद के प्रत्याशियों के यहां छापा मारा। इस दौरान 10 पेटी अवैध शराब बरामद की। कुछ देर में ही प्रत्याशियों से साठगांठ कर शराब सहित छोड़ दिया गया। ये देख ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस पर रिश्वत देकर छोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने उच्चाधिकारियों से इस मामले की शिकायत की। बाद में चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया। सीओ खेकड़ा ने बताया कि कर्तव्य के पालन में लापरवाही के चलते दरोगा को लाइन हाजिर किया गया है।
विकास के नाम पर मांगे वोट
फोटो-16
अग्रवाल मंडी टटीरी। जिला पंचायत के वार्ड-16 से सदस्य पद की प्रत्याशी विमलेश कुशवाहा के पति मास्टर रमेश कुशवाहा ने शनिवार को खट्टा प्रहलादपुर सहित क्षेत्र के कई गांव में जनसंपर्क किया तथा मतदाताओं से विकास के नाम पर वोट मांगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का भरपूर विकास कराया जाएगा तथा आपस में जाति धर्म का भेद मिटाया जाएगा।
--------------
प्रदेश की जनता गुंडाराज से त्रस्त: मदनी
बागपत। पीस पार्टी की कांफ्रेंस में राशिद उमर मदनी ने आलिमों को संबोधित किया। कहा कि आज उत्तर प्रदेश की जनता गुंडाराज से ग्रस्त हो चुकी है। खासतौर से प्रदेश के अल्पसंख्यकों पर सरकार भेदभाव की राजनीति कर रही है। इस मौके पर पीस पार्टी डॉ. राशिद राव, जिलाध्यक्ष अब्दुल माजिद, जिला उपाध्यक्ष उवैस राणा, मौलाना इसरार कासमी, मौलाना फैसल, मुफ्ती मोहम्मद नदीम एडवोकेट, अलीम अख्तर, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष हाजी नाजिम, प्रदेश सचिव हाजी फैयाज अब्बासी आदि मौजूद रहे।