अग्रवाल मंडी टटीरी। विश्व रक्तदान दिवस पर सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन, लायंस क्लब, जिला रेडक्रास समिति और इंटरनेशनल गुडविल सोसाइटी की ओर से अग्रवाल धर्मशाला अग्रवाल मंडी टटीरी में रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। रक्तदान शिविर में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। मुख्य अतिथि डीएम राज कमल यादव और विशिष्ट अतिथि सीएमओ डॉ. आरके टंडन होंगे।
कस्बे की अग्रवाल धर्मशाला में सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक कैंप लगाया जाएगा। कैंप में कोई भी व्यक्ति अपनी स्वेच्छा से रक्तदान कर सकता है। जिला ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अनुराग वार्ष्णेय ने बताया कि रक्तदान करने से कोई भी शारीरिक कमजोरी नहीं आती है, बल्कि गंभीर बीमारियों से छुटकारा मिलता है। रक्तदान करने से ब्लड प्रेशर सही रहता है और ह्दय संबंधी बीमारी की आशंका कम हो जाती है। लायंस क्लब की अध्यक्ष डॉ. कमला अग्रवाल और जिला रेडक्रास समिति के सचिव अभिमन्यु गुप्ता ने लोगों से शिविर सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है। उनका कहना है कि एक यूनिट रक्त से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।
अभिमन्यु गुप्ता, पंकज गुप्ता, डॉ. राम लाल, अजय गोयल, दीपक गोयल ने बागपत, हमीदाबाद, सिसाना, ढिकौली, पाबला गांव में घर-घर जाकर रक्तदान करने के लिए लोगों को जागरूक किया। सोमवार को रक्तदान शिविर में आने का निमंत्रण दिया। दूसरी ओर, नगर पंचायत चेयरमैन डॉ. विनोद कुमार ने भी लोगों से रक्तदान शिविर में रक्तदान करने की अपील की।
- रक्तदान करने से शारीरिक कमजोरी नहीं आती है और न ही कोई नुकसान होता है।
- रक्तदान करने से ब्लड प्रेशर और ह्दय संबंधी बीमारी की संभावना कम हो जाती है। रक्तदान कैंसर के जोखिम को भी कम करता है।
- एक यूनिट खून की पूर्ति 48 घंटे में पूरी हो जाती है।
- रेड ब्लड सेल तीन माह में मर जाते है, अत: रक्तदान जरूरी है।
- एक यूनिट खून से तीन से चार लोगों की जान बचाई जा सकती है।
- रक्तदान करने से संक्रमित बीमारियों का पता चल जाता है।
- रक्तदान से पूर्व रक्तदाता की निशुल्क जांच हो जाती है।
शिविर में गाइड लाइन का करें पालन
- ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अनुराग वार्ष्णेय ने रक्तदाताओं से शिविर में कोरोना गाइड लाइन का पालन करने का अपील की है। उन्होंने बताया कि शिविर में संक्रमण से बचाव के लिए मास्क और सोशल डिस्टेंस का पालन अनिवार्य रहेगा।