बागपत। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की शुक्रवार को चमरावल रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर बैठक हुई। इसमें 2024 चुनाव को लेकर पार्टी के कार्यक्रमों और चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कांता कर्दम नें नवनिर्मित पार्टी कार्यालय का निरीक्षण किया।
बैठक में जिला अध्यक्ष सूरजपाल सिंह ने कहा कि 30 मई से 15 जून के बीच जिला स्तर पर बड़ी रैली होगी। जिसमें प्रदेश व केंद्र सरकार के मंत्री व वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी के सभी कार्यक्रम 2024 चुनाव की रणनीति के अंतर्गत आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 30 मई को आठ साल पूरे हो रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से कराए गए कार्यों का प्रचार-प्रसार करने और विकास कार्यक्रमों के फोटो पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। जिला प्रभारी हिमांशु मित्तल ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले निकाय चुनाव होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी में जुटने के निर्देश दिए। केंद्र सरकार के आठ साल पूरे होने पर बड़ी वाहन रैली निकाली जाएगी। लोकसभा 2024 के चुनाव को देखते हुए नए सिरे से कार्यकर्ताओं को बूथ संरचना तैयार करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटियां जितनी मजबूत होंगी, पार्टी को चुनाव में उतना ही अधिक लाभ मिलेगा। बैठक में जिला महामंत्री विनोद वाल्मीकि, जिला महामंत्री बिजेंद्र शर्मा, पूर्व विधायक सहेंद्र सिंह चौहान, लोकेश दीक्षित चेयरमैन डॉ. अमित राणा, क्षेत्रीय पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मोर्चा के जिलाध्यक्ष, अभियान के प्रमुख व कार्यकर्ता मौजूद रहे।