रक्षाबंधन के दिन बृहस्पतिवार को ट्रेनों और बसों में यात्रियों की जमकर भीड़ रही। इतना ही नहीं दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर तो ट्रेनों में चढ़ने को लेकर जमकर धक्का-मुक्की भी हुई।
इस दौरान जमकर हंगामा भी हुआ। दूसरी तरफ क्षेत्र में संचालित डग्गामार वाहनों की खूब चांदी रही। डग्गामार वाहन संचालकों ने यात्रियों से दोगुना किराया वसूला।
रक्षाबंधन पर ही सुबह से यात्रियों ने अपने गतंव्य पर पहुंचने के लिए बाइकों, कारों, बसों और ट्रेनों का इस्तेमाल किया। इस कारण हर जगह लोगों को जाम की स्थिति का भी सामना करना पड़ा। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर लोनी से दिल्ली और दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली बसों की हालत तो यह थी कि यात्री बसों की खिड़कियां पर लटककर चल रहे थे।
दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों में ट्रेन नंबर 51910, 74021, 14546, 54745, 54746 आदि सहित अधिकांश ट्रेनें फूल रहीं। बड़ौत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में उतरने और चढ़ने को लेकर कई बार यात्रियों में धक्का-मुक्की भी हुई और जमकर हंगामा भी।
इस दौरान जीआरपी थानाध्यक्ष जितेंद्र यादव, रेलवे पुलिस जवान संजीव नैन, स्टेशन अधीक्षक पीके बोस ने यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत किया।
बड़ौत-बुढाना, बड़ौत-बिनौली, बड़ौत-छपरौली-टांडा, बड़ौत-कोताना आदि मुख्य मार्गों के अलावा क्षेत्र मेें संचालित डग्गामार वाहन चालकों की पूरे दिन चांदी रही। यात्रियों से किराये के नाम पर दोगुना किराया वसूला गया।