बड़ौत। छपरौली से किशनपुर बराल तक रोडवेज बसों का संचालन न होने से दस गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग पर बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे हैं।
मनीष, कपिल, योगेंद्र और विनय ने बताया कि छपरौली से किशनपुर बराल तक रोडवेज बसों की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके चलते उन्हें घंटों तक डग्गामार वाहनों का इंतजार करना पड़ता है। इस कारण वे समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार परिवहन विभाग के अधिकारियों से बसों का संचालन शुरू करने की मांग की है। हालांकि आज तक उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं निकला है। यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है। वहीं बसों के नहीं चलने से छपरौली, रठौड़ा, सूप, हलालपुर, किशनपुर, बराल, मुकंदपुर, कुरड़ी, सिलाना समेत दस गांव के लोगों को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
ये बोले लोग -
बसों का संचालन नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बसों के चलने से मार्ग से जुड़े दस गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। -संजय, छपरौली
बसों के नहीं चलने से लोगों को डग्गामार वाहनों में सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे समय व किराया भी अधिक खर्च हो रहा है। बसों का संचालन होना जरूरी है। -नंद किशोर, कुरड़ी
वर्जन
मार्ग पर बसों के संचालन से संबंधित कोई शिकायत नहीं मिली है। मार्ग का सर्वे किया जाएगा, फिर बसों के संचालन पर निर्णय लिया जाएगा। -प्रमोद कुमार, बस संचालन प्रभारी