खेकड़ा स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास हुआ हादसा, छह यात्री घायल, प्राइवेट चिकित्सक से कराया इलाज
बिहार से लुधियाना जा रही थी बस, 65 यात्री थे सवार
खेकड़ा (बागपत)। बिहार से लुधियाना जा रही यात्री बस का ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे (ईपीई) पर खेकड़ा स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक ने स्टेयरिंग पर नियंत्रण पाने की कोशिश की। मगर, अनियंत्रित हुई बस डिवाईडर से जा टकरा गई। हादसे बस में सवार छह यात्री घायल हो गए। घायलों ने प्राइवेट चिकित्सक के यहां अपना उपचार कराया। बाद में बस को ठीक करा कर लुधियाना के लिए रवाना हो गए।
बिहार प्रदेश के अरहरिया जनपद के 65 लोग प्राइवेट बस से लुधियाना जा रहे थे। रविवार की सुबह यह बस जैसे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे (ईपीई) पर खेकड़ा स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास पहुंची तो अचानक स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक ने स्टेयरिंग पर नियंत्रण पाने की कोशिश की। मगर, अनियंत्रित हुई बस डिवाईडर से जा टकरा गई। यात्रियों में चीखपुकार मच गई। हादसे में बस सवार अली मोहम्मद, रिजवान, दिनेश, मिथुन, राजेश और आफताब घायल हो गए। अन्य यात्रियों ने घायलो को खेकड़ा के प्राइवेट चिकित्सक के उपचार कराया। बस का स्टेयरिंग ठीक कराने के बाद चालक सभी यात्रियों को लेकर लुधियाना के लिए रवाना हो गया।
उधर, खेकड़ा कोतवाली की पाठशाला चौकी प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि हादसे की कोई सूचना चौकी पर नहीं दी गई।
बस की गति थी कम
खेकड़ा। यात्रियों ने बताया कि जिस वक्त स्टेयरिंग फेल हुआ, उस वक्त बस की गति ज्यादा नहीं थी। चालक ने भी सूझबूझ दिखाई, जिसे बड़ा हादसा होने टल गया।