बागप के खेकड़ा थाना क्षेत्र के रटौल गांव में देर रात चारों ने ताला तोड़कर नकदी सहित आभूषण चोरी कर लिए। परिवार छत पर सोया हुआ था। सुबह के समय मामले की जानकारी मिली। मनोज पुत्र पीतम ने बताया देर रात गर्मी अधिक होने के कारण अपने परिवार के साथ छत पर सोया हुआ था। उसी दौरान अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर एक लाख रुपये नगद और 80 हजार रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। मनोज ने बताया घटना का उस वक्त पता चला जब परिवार के सदस्य जगे। पीड़ितों ने तहरीर दी है।
डूंडाहैडा में बंद मकान में चोरी
खेकड़ा। क्षेत्र के ग्राम डूंडाहैडा निवासी महिला सुदेश देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में कहा उसके पति ईश्वर सिंह काफी दिनों से बीमार हैं। पति का इलाज कराने के लिए वह मकान का ताला लगाकर दिल्ली गई। इसी दौरान गांव के शरारती तत्वों ने उसके मकान को क्षतिग्रस्त कर दीवारें और छत तोड़ी और मकान में रखा कीमती सामान चुराकर ले गए। महिला ने एसपी से शरारती तत्वों का सुराग लगाकर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
पेट्रोल पंप पर झगड़ा
बागपत। बड़ौत रोड स्थित पंप पर पेट्रोल भरवाने को लेकर दो बाइक चालकों के बीच झगड़ा हो गया। उसी वक्त पुलिस को किसी ने सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन उससे पहले ही बाइक सवार फरार हो गए।