बिनौली। जाट समाज की पंचायत में एकजुट होकर केंद्र सरकार की नौकरी में जाट आरक्षण बहाल करने के लिए बिगुल फूंका।
बिजवाड़ा गांव में बुधवार को अखिल भारतीय जाट मंच के तत्वावधान में जाट समाज की पंचायत का आयोजन किया । इसमें मंच के अध्यक्ष रणवीर सिंह सूप ने कहा जाट समाज किसी जाति और समाज के विरुद्ध नहीं है। परंतु अपने समकक्ष जातियों जिनका व्यवसाय खेती है, को मिलने वाली सुविधाओं में शामिल होना चाहता है, लेकिन कुछ विरोधियों द्वारा केंद्र में जाट आरक्षण रद्द कराने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। थांबा चौधरी यशपाल सिंह ने कहा समाज में व्याप्त बुराइयों, कुरीतियों को दूर करने के लिए सबको मिल कर प्रयास करना चाहिए। पंचायत में 29 मई को बरनावा लाक्षागृह में होने वाले जाट अधिवेशन को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की। पंचायत की अध्यक्षता वेद सिंह ने की।
संचालन मास्टर सीताराम ने किया। इसमें ग्राम प्रधान अरविंद, शोराज मुखिया, महेंद्र, सुखवीर सिंह, ब्रजपाल, किरण पाल, मुकेश, इकबाल सिंह, देवेंद्र, सुखपाल, प्रवीण, नवाब आदि मौजूद रहे।