बागपत के बड़ाौत के अल्टो कार में सवार तीन सशस्त्र बदमाश शनिवार को सरेशाम पूर्व विधायक के छोटे भाई के किसान टायर स्टोर से 15 हजार रुपये की नगदी, दो रिम और एक धुरा लूटकर ले गए। इस वारदात से व्यापारियों में दहशत फैल गई। लूट की सूचना मिलते ही सैकड़ों व्यापारी कोतवाली में पहुंचे और कोतवाली में बाजार चौकी के प्रभारी का आनंद प्रकाश घेराव किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों और व्यापारियों में नोकझोंक भी हुई।
शनिवार को शाम करीब साढ़े छह बजे बिजरौल रोड पर स्थित सारंग विवाह मंडप के सामने पूर्व विधायक महेंद्र जैन के छोटे भाई बिरेंद्र कुमार का किसान टायर स्टोर है। इसमें बिरेंद्र कुमार और उसका बेटा सौरभ जैन बैठे थे। तभी सफेद रंग की अल्टो कार में तीन सशस्त्र बदमाश वहां पहुंचे और उन्होंने रिम और धुरा के भाव पूछें। इस दौरान दो रिम और एक धुरा गाड़ी में रखवा लिया और रिम लेने के लिए दुकान के अंदर गया। दो बदमाशों ने गल्ले से 15 हजार रुपये निकाल लिए।
बाद में तमंचों के बल पर बदमाशों ने बाप और बेटे को भयभीत कर गाड़ी में बैठकर बिजरौल की ओर भाग गएबदमाशों के जाने के बाद व्यापारी वीरेंद्र कुमार जैन ने शोर मचाया तो व्यापारी एकत्र हो गए। इसी दौरान किसी ने फोन से घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और खानापूर्ति कर चली गई। सरेशाम हुई इस लूट से व्यापारियों में दहशत फैल गई। इस संबंध में विरेंद्र जैन ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी।
दुकान में लूट की सूचना मिलते ही सैकड़ों व्यापारी एकत्र होकर कोतवाली में पहुंचे। नाराज व्यापारियों ने बताया अल्टो कार में सवारों ने 22 जून को सुल्तान गंज मंडी के गेट पर अनिल ट्रेडर्स के यहां चीनी की बोरी, बेसन समेत अन्य सामान (जिसकी कीमत 30 हजार रुपये थी) गाड़ी में रखवाने के बाद तमंचा दिखाकर भाग गए थे और 23 जून को भी अल्टो कार में ही सवारों ने खल चूरी विक्रेता से चने और चूरी की बोरी को रखवाकर ले गए थे। इसकी कीमत 10 हजार रुपये थी। पिछले दो माह से अल्टो कार में सवार बदमाश लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस इन्हें पुलिस पकड़ पाने में विफल है।
नाराज व्यापारियों ने कोतवाली में मौजूद बाजार चौकी के प्रभारी का कोतवाली में आनंद प्रकाश घेराव किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों और व्यापारी नेताओं में जमकर नोकझोंक भी हुई। भाजपा के शहर अध्यक्ष चंद्रवीर तोमर, भाजपा विधि प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पूर्व सदस्य विनोद जैन एडवोकेट, बिजेंद्र शर्मा एडवोकेट, सपा नेता अंकुर जैन, सभासद ललित जैन, अनिल जैन, राहुल जैन एडवोकेट, पूर्व सभासद अरविंद जैन आदि ने बताया शहर में बदमाश आए दिन लूटपाट की वारदातें कर रहे हैं, लेकिन किसी भी बदमाशों को पुलिस नहीं पकड़ पाई। इससे बदमाशों के हौसले बढ़ रहे हैं। इस संबंध में सीओ सीपी सिंह ने कहा कार सवार गिरोह को पकड़ने के पुलिस को निर्देश दिए हैं।
व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
बड़ौत। बिजरौल रोड पर सरेशाम व्यापारी से लूट की घटना और आए दिन हो रही घटनाओं को देख उप्र उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष अंकुर जैन के नेतृत्व में व्यापारियों ने बाजार पुलिस चौकी का घेराव किया और आरोप लगाए कि बाजार पुलिस चौकी अपराधियों पर अंकुश लगाने में विफल है और आऐ दिन घटनाएं हो रही है। उन्होंने कहा यदि घटनाओं पर रोक नहीं लगाई तो व्यापारी सड़कों पर उतरेंगे।