बड़ौत क्षेत्र के मलकपुर गांव से एक माह से लापता राज मिस्त्री रोहित (29) की हत्या कर दी गई और शव को ककड़ीपुर गांव के जंगल में पूर्वी यमुना नहर किनारे दबा दिया गया। मंगलवार को बड़ौत पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए हत्यारोपी जीजा व साले की निशानदेही पर शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
सीओ विजय चौधरी ने बताया कि मलकपुर गांव निवासी राजीव पुत्र जगमेर व रोहित चिनाई का कार्य करते थे। दोनों में काफी अच्छी दोस्ती थी। राजीव की बहन की शादी ककड़ीपुर में दिनेश के साथ हुई है। वर्ष 2022 में राजीव की बहन ने ककड़ीपुर में उसका मकान बनाने की बात कही थी। रोहित ने उसका मकान बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान उसके रोहित से संबंध बन गए। इसी कारण जीजा-साले से उसे ठिकाने लगाने की योजना बना दी।
जिलाबदर था रोहित, मकान बनाने में निकाल दिया समय
रोहित जिलाबदर चल रहा था। उसे पैसे की जरूरत थी। राजीव के कहने पर रोहित ककड़ीपुर में उसकी बहन का मकान बनाने लगा। मकान बनाने में ही उसने जिलाबदर का समय निकाल दिया था, लेकिन वह 10 जुलाई को अचानक लापता हो गया था। जिसके बाद रोहित के भाई रवि ने बड़ौत कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
हत्याकांड की ऐसे बनाई योजना
ककड़ीपुर में मकान बनाने के दौरान रोहित व हत्यारोपी दिनेश की पत्नी के बीच अनैतिक संबंध हो गए थे। गत तीन जुलाई को दिनेश ने रोहित व अपनी पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। जिसके बाद रोहित वहां से भाग गया था। इसके बाद दिनेश ने इसकी जानकारी अपने साले राजीव को दी और बाद में दोनों ने रोहित की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत 10 जुलाई को सुबह राजीव रोहित से मलकपुर में मिला। राजीव, रोहित को पार्टी करने की बात कहकर ककड़ीपुर ले गया था। ककड़ीपुर में जैसे ही राजीव व रोहित पहुंचे, तो दिनेश भी शराब की बोतल लेकर आ गया और एक गन्ने के खेत में शराब पार्टी करने लगे। इसी बीच दिनेश व राजीव ने रोहित पर फावड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी।
अंधेरा होने पर शव को पूर्वी यमुना नहर के किनारे दबाया
रोहित की हत्या के बाद राजीव व दिनेश ने उसके कपड़े उतार दिए व उसका मोबाइल फोन बंद कर दिया। उसके निवास प्रमाणपत्र को एक पॉलिथीन में लपेटकर, थैली को प्लास्टिक कट्टे मे रखकर गन्ने मे गड्ढा खोदकर वहीं दबा दिया था। फावड़े को गन्ने के खेत में छिपाकर रोहित की लाश को वही छोड़कर गांव में आ गए थे। बाद में अंधेरा होने के बाद राजीव व दिनेश, लाश को उठाकर ककड़ीपुर गांव के जंगल में ले गए और पूर्वी यमुना नहर के किनारे दबा दिया।
पुलिस ने हत्यारोपियों से फावड़ा, रोहित के कपड़े, उसका मोबाइल फोन व मूल निवास प्रमाण पत्र बरामद किए और आरोपियों को जेल भेज दिया गया।