बड़ौत के इलाहाबाद बैंक में पैसे न मिलने पर हंगामा करते शिक्षक व ग्राहक।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ौत । इलाहाबाद बैंक में प्रबंधक की हठधर्मी को लेकर मंगलवार को जेवी इंटर कॉलेज के शिक्षकों ने शाखा पहुंचकर नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान उनकी कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। शिक्षकों ने शाखा प्रबंधक पर रात के समय चोरी छिपे नई करेंसी निकालने का भी आरोप लगाया। उधर, बैंक कर्मचारियों ने आरोपों को निराधार बताया।
शिक्षकों का कहना था कि पिछले दस दिनों से पैसे निकलवाने को लेकर बैंक शाखा के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन घंटों लाइन में लगे रहने के बावजूद उन्हें पैसे नहीं दिए जा रहे हैं। इस कारण उन्हें आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। कॉलेज में शिक्षण कार्य भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है।
शिक्षकों ने बैंक शाखा के प्रबंधक व कर्मचारियों पर ग्राहकों से छिपाकर रात के समय नई करेंसी निकालने का भी आरोप लगाया। शाखा में बैंक प्रबंधक के न होने पर आक्रोशित शिक्षकों ने वहां पर मौजूद बैंक कर्मचारी पवन को बंधक बना लिया। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इसका निस्तारण नहीं हुआ तो शिक्षक काफी संख्या में एकत्रित होकर उग्र आंदोलन शुरू कर देंगे।
उधर, बैंक कर्मचारी पवन कुमार का कहना था कि शाखा प्रबंधक सुरेंद्र छुट्टी पर है। लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार है। प्रदर्शन करने वालों मेें उपप्रधानाचार्य देशपाल तोमर, रामबली, गौरव, सत्यवीर, अनुज तोमर, सुधीर, विमल किशोर, सहंसरपाल, राजपाल, आजादमान, विकास शामिल रहे। उधर, अन्य बैंक शाखाओं में भी नोटबंदी के 21वें दिन पैसे निकलवाने को लेकर पूरे दिन हंगामे की स्थिति बनी रही।