बागपत कोतवाली में तहरीर देने जाते सफाई कर्मचारी।
- फोटो : amar ujala
बागपत। शहर के चमरावल रोड पर स्थित एक कॉलोनी में रहने वाले एक अफसर का मंगलवार को सुबह के समय कुत्ता चोरी हो गया। इस मामले में पुलिस ने सफाई कर्मी को हिरासत में ले लिया। इसका पता चलते ही कोतवाली में सर्फाई कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर कहा यदि पुलिस ने जल्द से जल्द सफाई कर्मी को नहीं छोड़ा तो सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के मंडल अध्यक्ष सतीश कुमार के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी बुधवार को कोतवाली में पहुंचे। इस दौरान सतीश ने बताया प्रतिदिन की तरह मंगलवार को ठेका सफाई कर्मी मोनू पुत्र रामलाल शहर की एक कॉलोनी में सफाई करने के लिए गया था। सफाई करते समय कॉलोनी में रहने वाले एक अफसर का कुत्ता मोनू के पीछे-पीछे आ गया। थोड़ा आगे जाने पर एक कार आई। कार में सवार युवक ने कहा कुत्ते को कहां ले जा रहे हो। उसने कहा, कहीं नहीं, इसके बाद कार सवार युवक कुत्ते को अपनी गाड़ी में लेकर चला गया। उस समय मोनू को नहीं पता था कि कुत्ता ले जाने वाले कौन हैं।
बुधवार सुबह पुलिस उनके घर में पहुंची और मोनू से कुत्ते के बारे में पूछने लगे। उसने सारी घटना बता दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मोनू पर कुत्ता चोरी करने का आरोप लगाया जा रहा है। जबकि पुलिस ने मोनू के घर की चेकिंग भी की। इसके बाद पुलिस मोनू को घर से कोतवाली ले आई। उसको अवैध रुप से हिरासत में रखा जा रहा है। सतीश ने कहा यदि पुलिस ने मोनू को जल्द से जल्द नहीं छोड़ा तो सभी सफाईकर्मी हड़ताल पर चले जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। इस मौके पर सचिन, राम लाल, सुदेश, मुकेश, शांति आदि रही। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने कहा मामला संज्ञान में नहीं है।