विश्व रक्तदान दिवस पर बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रक्तदान कैंप का आयोजन किया जाएगा। अग्रवाल मंडी टटीरी की अग्रवाल धर्मशाला में कैंप का आयोजन होगा। लायंस क्लब और जिला चिकित्सालय के सहयोग से लोगों को रक्तदान के प्रति भ्रांतियों को दूर भी किया जाएगा।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से यह पहल की जा रही है। विश्व रक्तदान दिवस पर 14 जून को आयोजन कराया जाएगा। रक्तदान से पहले डोनर के ब्लड की जांच भी की जाएगी। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अनुराग वार्ष्णेय ने कहा कैंप में लोगों को ब्लड डोनेशन से होने वाले लाभ की जानकारी भी दी जाएगी।
जिला मुख्यालय से सटे अग्रवाल मंडी टटीरी की अग्रवाल धर्मशाला में आयोजन कराया जाएगा। रक्तदान कैंप को लेकर लोगों में उत्साह है। लायंस क्लब अग्रवाल मंडी टटीरी के मुख्य संयोजक लायन अभिमन्यु गुप्ता और अध्यक्ष लायन हंसराज गुप्ता का कहना है रक्तदान किसी एक व्यक्ति को जीवनदान दे सकता है।
स्वस्थ रहने के लिए करें रक्तदान
शरीर में आयरन की अतिरिक्त मात्रा हो जाने की वजह से मनुष्य का दिल और लीवर अस्वस्थ हो सकते हैं, यदि शरीर में आयरन की अतिरिक्त मात्रा है तो यह लीवर और किडनी में जमा होता रहता है। यह दिल और पाचन ग्रंथी में भी जाकर जमा हो जाता है। भविष्य में यह बीमारी सिरोसिस हो जाती है। रक्तदान करने से शरीर में आयरन का स्तर नियंत्रित हो जाता है और बीमारियों से छुटकारा मिलता है।
रक्तदान के फायदे
- रक्तदान से किसी की जान बचाई जा सकती है।
- रक्त का कोई विकल्प और कहीं उत्पादन नहीं होता।
- शरीर के वजन का सात प्रतिशत हिस्सा खून होता है।
- ब्लड डोनेशन से हार्टअटैक की संभावना घट जाती है।
- ब्लड डोनेशन से शरीर के विषैले पदार्थ भी बाहर निकल जाते हैं।