ट्यौढ़ी गांव में पुलिस सुरक्षा में बड़ौत तहसील के सब रजिस्ट्रार रामकिशोर और राजवीर की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों पर और शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। फरार चल रही छपरौली ब्लाक प्रमुख बीरमति समेत छह आरोपियों पर पुलिस गैंगेस्टर की कार्रवाई कर रही है।
साथ ही जेल में बंद उनके बेटे संजय समेत नौ आरोपियों पर रासुका लगेगी। रामकिशोर और राजवीर की छपरौली थाना के हिस्ट्रीशीटर परमवीर तुगाना ने रंजिश के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की थी। इस मामले में परमवीर तुगाना, उनकी मां छपरौली ब्लाक प्रमुख बीरमति समेत 13 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
इसके अलावा तीन आरोपियों के नाम पुलिस की जांच में प्रकाश में आए थे। आरोपी संजय, रानू, लोकेंद्र, देवेंद्र नागल, पूर्व प्रधान बाबू, अमरपाल, संजीव उर्फ नीटू, देवेंद्र लूंब, हरेंद्र तुगाना जेल में बंद है। ब्लाक प्रमुख के बेेटे कृष्णवीर और एक अन्य महिला बबीता की कोर्ट से जमानत हो चुकी है।
एक आरोपी प्रवेश राठी को पुलिस ने क्लीन चिट दे दी है। ब्लाक प्रमुख बीरमति समेत छह आरोपी अभी फरार चल रहे है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। पुलिस ने फरार आरोपियों के अलावा जेल में बंद आरोपियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
एएसपी विद्या सागर मिश्र का कहना है कि फरार चल रही ब्लाक प्रमुख बीरमति समेत छह आरोपियों पर गैंगेस्टर और जेल में बंद आरोपियों पर रासुका की कार्रवाई की जा रही है।
सिपाही को क्लीनचिट देने से नाराज है मृतक के परिजन
बागपत। दोहरे हत्याकांड के आरोपी दिल्ली पुलिस के सिपाही प्रवेश राठी को पुलिस ने क्लीन चिट दे दी है। इससे मृतक के परिजन पुलिस की कार्यशैली से नाराज है। वे इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से भी कर चुके हैं।
यह है मामला
बागपत। ट्यौढ़ी गांव में बड़ौत तहसील के सब रजिस्ट्रार रामकिशोर शर्मा और उनके पड़ोसी राजवीर सिंह की 12 अगस्त 2014 को पुलिस सुरक्षा में घर में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। मृतक रामकिशोर शर्मा के बेटे सुगम किशोर शर्मा ने 13 आरोपियों के खिलाफ बड़ौत कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
ये है 13 नामजद आरोपी
: छपरौली ब्लाक प्रमुख बीरमति
: हिस्ट्रीशीटर परमवीर तुगाना (बीरमति का बेटा)
: कृष्णवीर (बीरमति का बेटा)
: संजय (बीरमति का बेटा)
: रानू पुत्र सुरेंद्र निवासी तुगाना
: लोकेंद्र पुत्र महावीर, निवासी तुगाना
: लूूंब गांव के पूर्व प्रधान बाबू
: अमरपाल पुत्र हरपाल निवासी लूंब
: देवेंद्र पुत्र रामपाल निवासी नांगल
: संजीव पुत्र महासिंह निवासी नांगल
: बबीता पत्नी देवेंद्र निवासी मतनावली (शामली)
: प्रवेश राठी पुत्र हरदयाल निवासी कस्बा टीकरी (दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल)
: संजीव उर्फ नीटू पुत्र गोपी निवासी ट्यौढ़ी
पुलिस की जांच में आए तीन आरोपी
: हरेंद्र पुत्र महिपाल, निवासी तुगाना
: देवेंद्र उर्फ बबला पुत्र जयवीर निवासी लूंब
: बालेंद्र पुत्र धर्मवीर निवासी भौराकलां (मुजफ्फरनगर)