ब्लैक बेल्ट हर्ष को किया सम्मानित
खेकड़ा। ताइक्वांडो संघ बागपत के खिलाड़ी ने विगत वर्ष लखनऊ में संपन्न हुई ताईक्वांडो प्रतियोगिता में ब्लैक बेल्ट परीक्षा पास कर परिवार एवं जनपद का नाम रोशन किया है।
गांव बसी निवासी ताईक्वांडो संघ बागपत के 10 वर्षीय होनहार खिलाड़ी हर्ष प्रजापति ने ताइक्वांडो की सर्वश्रेष्ठ डिग्री ब्लैक बेल्ट परीक्षा पास की है। विगत वर्ष लखनऊ के राजाजीपुरम इंदौर स्टेडियम में आयोजित ब्लैक बेल्ट परीक्षा में ताइक्वांडो संघ बागपत की ओर से हर्ष प्रजापति ने प्रतिभाग किया था, जिसमें उसने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। इसके अलावा हर्ष राज्य एवं जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीत चुका है। संघ सचिव सचिन शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ एवं ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से यह परीक्षा आयोजित की जाती है। बृहस्पतिवार को बसी गांव में आयोजित सम्मान समारोह में संघ अध्यक्ष सुभाष त्यागी, संघ पदाधिकारियों व अन्य खिलाड़ियों ने हर्ष को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान धर्मेंद्र शर्मा, अक्षिता तोमर, विधि कुंडू, सायमा खोखर, अभिनव धामा, मनीष आदि मौजूद रहे।