बड़ौत (बागपत)। छपरौली विधायक सहेन्द्र सिंह चौहान और बड़ौत विधायक केपी मलिक ने सोमवार को अपने-अपने क्षेत्र के कई मामले विधानसभा में उठाए। प्रभारी मंत्रियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।
विधायक सहेन्द्र सिंह रमाला ने स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह से प्रश्न पूछा कि ग्राम रमाला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कब तक बनाया जाएगा। लूंब व बूढ़पुर गांव स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सक उपलब्ध कराने की मांग की। बताया कि चिकित्सक न होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने रमाला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व टीकरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टरों की कमी का प्रश्न भी उठाया। इसके अलावा पशु धन मंत्री लक्ष्मी नारायण से पूछा कि बेसहारा पशुओं के भरण पोषण के लिए पंचायत स्तर पर प्रति पशु 30 रुपये प्रतिदिन दिए जाते है। यह बहुत कम है। इतनी कम राशि में पशुओं के चारे की व्यवस्था करना बहुत मुश्किल है। सरकार इस राशि को बढ़ाने के लिए क्या विचार कर रही है। मंत्रियों ने शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उधर, बड़ौत विधायक केपी मलिक ने पशुधन विभाग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी से आवारा पशुओं से किसानों की फसल को बर्बाद होने से बचाने के मामले में प्रश्न किया। पूछा कि कितने गांवों में गोशालाओं का निर्माण कराया जाएगा। उन्हें उत्तर दिया गया कि वर्तमान में निर्धारित के अलावा किसी भी अन्य ग्राम में गोशाला निर्माण का कोई भी प्रस्ताव प्रस्तावित नहीं है।