- प्रधानी चुनाव की रंजिश में दो दिन पहले भाजपा युवा माेर्चा के पूर्व मीडिया प्रभारी को दी गई थी धमकी
- हमले में भाजपा नेता, उनके माता-पिता समेत पांच घायल, प्रधान समेत दस के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय (बागपत)। प्रधान पद पर चुनाव की रंजिश में फतेहपुर गांव के भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मीडिया प्रभारी प्रशांत चौधरी के परिवार पर घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें भाजपा नेता प्रशांत चौधरी, उनके माता-पिता समेत पांच घायल हो गए। तहरीर मिलने पर पुलिस ने प्रधान समेत दस हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
फतेहपुर गांव निवासी भाजपा नेता प्रशांत चौधरी ने बताया कि दो दिन पहले गांव के कुछ लोगों पर प्रधानी चुनाव की रंजिश में घर आकर हथियार दिखाकर उसके परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दी थी। साथ ही प्रधान पद पर चुनाव न लड़ने की नसीहत भी दी। रविवार रात अपने पिता अमरदीप, माता नीलम देवी, चाचा सुशील समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर में बैठा हुआ था। तभी गांव की प्रधान मीनाक्षी, उनका पति विकास, सतीश, संजय, अश्वनी, आरव, निशु, विक्की, मनीष और अंकित लाठी-डंडे, धारदार हथियार और तमंचे लेकर उसके घर में घुस गए, जिन्होंने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
हमलावरों ने प्रशांत चौधरी, अमरदीप, नीलम देवी, सुशील कुमार समेत पांच घायल हो गए। इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। आरोप लगाया कि हमलावर ढाई हजार रुपये भी छीनकर ले गए। उधर, घायलों का पुलिस ने पिलाना सीएचसी में उपचार कराया, जहां से चार घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद प्रशांत को मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस कार्रवाई करती तो नहीं होता हमला
भाजपा नेता प्रशांत चौधरी ने कहा कि दो दिन पहले की गई शिकायत में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई नहीं की। सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई कर आरोपी को छोड़ दिया गया। इसके बाद आरोपी पक्ष ने हमला कर दिया। प्रशांत ने कहा कि अगर सिंघावली अहीर पुलिस धमकी देने के मामले में कड़ी कार्रवाई करती तो उसके परिवार पर हमला नहीं होता।
बर्दाश्त नहीं की जाएगी भाजपा कार्यकर्ता के साथ हुई घटना : जिलाध्यक्ष
भाजपा नेता के परिवार पर हमले का पता चलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय जिला अस्पताल में पहुंचे। उन्होंने घायलों से मिलकर उनका हाल जाना। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के साथ हुई घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा।
वर्जन- तहरीर के आधार पर प्रधान समेत दस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - सूरज कुमार राय, एसपी