गंभीर हालत में बड़ौत अस्पताल से मेरठ रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली। तुगाना नहर पर बुधवार को हलालपुर गांव के युवक को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने युवक को बड़ौत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
हलालपुर निवासी अनीस पुत्र रहीसुद्दीन बुधवार को पत्नी के साथ बाइक से किसी रिश्तेदारी में जा रहा था। तुगाना नहर पर पीछे से आ रहे दो बाइक सवारों ने उसे गोली मार दी। गोली युवक के पैर में लगी। लहूलुहान हालत में अनीस ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को बड़ौत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया। छपरौली थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि घायल को उपचार के लिए मेरठ भेजा गया है। अनीस के भाई गयासुद्दीन ने मामले में तहरीर दी है। जांच की जा रही है। जांच के उपरांत कार्रवाई की जाएगी।
युवक पर पटाखा फेंका, दी तहरीर
छपरौली। चौधरान पट्टी के वेदपाल पुत्र मांगेराम ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह मंगलवार की रात्रि करीब आठ बजे अपने घेर में बैठा था। पड़ोस के पांच से छह युवकों ने उसके ऊपर जलता पटाखा फेंक दिया, जिससे वह झुलस गया। विरोध करने पर युवकों ने उसे व उसके पुत्र राकेश के साथ मारपीट की। घायल वेदपाल ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।