संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला (बागपत)। पूर्वी यमुना नहर की पटरी पर बासौली पुलिया के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने शादी समारोह से लौट रहे दंपती से तमंचे के बल पर सात हजार रुपये और महिला के जेवर लूट लिए। बदमाशों ने महिला के गले से मंगलसूत्र भी लूट लिया। पीड़ित ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
मवींकला निवासी जितेंद्र कुमार सोमवार की रात अपनी पत्नी के साथ कार से शामली में ससुराल से शादी समारोह से लौट रहा था। रात करीब 11बजे बासौली पुलिया के पास बाइक सवार बदमाशों ने कार के सामने बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया। तमंचे के बल पर दंपती से सात हजार रुपये और महिला के कुंडल व मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गए। जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी लूट के बाद शामली की ओर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है कि कुछ राहगीर जिवाना टोल प्लाजा से बचने के लिए यमुना नहर की पटरी का सहारा लेते हैं। तहरीर मिली है, बदमाशों की तलाश की जा रही है।