संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। बागपत-मेरठ नेशनल हाईवे पर सिंघावली अहीर पुलिया के समीप कार की टक्कर लगने से आरिफ और समीर निवासी डौला घायल हो गए। घायल समीर की मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
डौला के रहने वाले सोनू ने बताया कि 15 अप्रैल की रात उसका भतीजा आरिफ और बेटा समीर (18) बाइक से बालैनी जा रहा था। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर जैसे ही सिंघावली अहीर पुलिया के समीप पहुंचा तो मेरठ की तरफ से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में आरिफ और समीर घायल हो गए।
दोनों का पिलाना सीएचसी में उपचार कराया गया। समीर की हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।