खेकड़ा (बागपत)। दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में गांव सांकरौद निवासी बसपा से जुडे़ चिकित्सक की डूंडाहेडा के पास ट्रक की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा।
गांव सांकरौद निवासी चिकित्सक डॉ. श्याम सुंदर परिवार के साथ लोनी में रहते थे। खेकड़ा में दिल्ली सहारनपुर हाईवे स्थित पाठशाला बस स्टैंड के पास उनकी चिकित्सक की दुकान थी। वह बसपा से भी जुड़े थे। वह लोनी से रोजाना बाइक पर सवार होकर दुकान आते जाते थे। सोमवार को सुबह के समय वह लोनी से बाइक पर सवार होकर दुकान के लिए चले। सुबह करीब 10:30 बजे जब वह दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर डूंडाहेड़ा चैक पोस्ट के पास पहुंचे। तभी अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार चिकित्सक की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग गया।
डूंडाहेड़ा पुलिस चैक पोस्ट पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा। दुर्घटना का पता चलते ही परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन बागपत में स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। परिजनों ने गमगीन माहौल में गांव सांकरौद में शव का अंतिम संस्कार किया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि चिकित्सक को कुचलने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस टीम फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। उसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।