बागपत। बदमाशों ने रालोद के जिला कार्यालय प्रभारी की पिटाई करके बाइक व नकदी लूटी ली। वहीं, उसके हाथ-पैर बांधकर खेत में डाल दिया। वहां से जाते हुए बदमाश स्टार्टर व केबल भी ले गए। परिजन उसे तलाश करते हुए खेत में पहुंचे तथा बंधनमुक्त किया। उसने पुलिस से शिकायत की तो लुटेरे गांव के ही होने की जानकारी मिली।
नौरोजपुर गुर्जर निवासी महेश डागर रालोद के जिला कार्यालय प्रभारी हैं। वे शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे बाइक पर खेत देखने गए थे। वे खेत में पहुंचे तो चार नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा के बल पर बाइक तथा 3200 रुपये लूट लिए। महेश डागर ने विरोध किया तो मारपीट की। बदमाशों ने उन्हें बांधकर खेत में डाल दिया तथा ट्यूबवेल से केबल व स्टार्टर ले गए। वह शनिवार सुबह तक भी घर नहीं पहुंचे तो परिजन तलाशते हुए खेत में गए। वहां उन्हें हाथ-पैर खोलकर बंधनमुक्त किया। महेश डागर ने बताया कि कोतवाली में शिकायत करने पर कुछ ग्रामीण उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों पर कार्रवाई नहीं करने का दबाव बनाया। बताया क लूट करने वाले युवक गांव के ही हैं। उन्होंने नशे में वारदात को अंजाम दिया। वहीं, बागपत कोतवाली पुलिस भी मामले को दबाकर बैठ गई है। इस बाबत सीओ अनुज मिश्र का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।