कांवड़ शिविर को लेकर जंग का मैदान बनी बिजरौल पीएचसी
बड़ौत। कांवड़ शिविर को लेकर बिजरौल पीएचसी जंग का मैदान बन गई है। सीएचसी अधीक्षक बड़ौत, सीएचसी पर तैनात बीपीएम व चिकित्साधिकारी बिजरौल की आपसी में गाली-गलौज हुई। जिसके बाद बड़ौत सीएचसी अधीक्षक और चिकित्साधिकारी बिजरौल ने कोतवाली पर एक-दूसरे के खिलाफ आरोप, प्रत्यारोप लगाते हुए तहरीर दी है।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बिजरौल पीएचसी में कांवड़ शिविर लगाया गया था। बताया जा रहा है कि बिजरौल के ग्रामीणों ने सीएमओ व सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार को शिकायत की थी कि कांवड़ शिविर बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर नहीं है, बल्कि बिजरौल पीएचसी परिसर के अंदर है। ऐसे में कांवड़ियों को कांवड़ शिविर का लाभ नहीं मिल रहा है। इसी को लेकर शुक्रवार को विवाद हो गया।
बिजरौल पीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक सैनी ने सीएचसी पर तैनात बीपीएम सचिन मलिक पर फोन कर गाली-गलौज करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया और कोतवाली पर तहरीर दी। उधर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने भी चिकित्साधिकारी बिजरौल डॉ. विवेक सैनी पर बीपीएम सचिन मलिक व खुद के साथ गाली-गलौज करने व जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी।
सीओ युवराज सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जिसकी जांच की जा रही है।