दोघट कस्बे में असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त की गई शहीद भगतसिंह की मूर्ति । संवाद
दोघट। कस्बे के गांधी स्मारक इंटर कॉलेज परिसर में लगी अमर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा में असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। इसका पता चलते ही लोगों में आक्रोश पनप गया। लोगों ने थाने में तहरीर देकर असामाजिक तत्वों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की।
कस्बे में स्थित गांधी स्मारक इंटर कॉलेज परिसर में अमर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा लगी है। बृहस्पतिवार को कर्मी कॉलेज का ताला लगाकर घर चले गए थे। शुक्रवार की सुबह कर्मी रामकिशोर कॉलेज परिसर में पहुंचे तो प्रतिमा टूटी हुई मिली। प्रतिमा की कैप को तोड़ दिया गया तो प्रतिमा रखने की जगह से ईंट उखाड़ी गई हैं। उन्होंने घटना की जानकारी प्रधानाचार्य सुशील तोमर को फोन करके दी।
प्रतिमा टूटने का पता चलने पर युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष गौरव पंवार समेत अन्य लोग कॉलेज में पहुंचे। पुलिस ने भी कॉलेज में पहुंचकर जांच पड़ताल की। पहले कॉलेज कर्मी रामकिशोर और फिर गौरव पंवार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में जांच अधिकारी केवल सिंह ने बताया कि कॉलेज के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।