बड़ौत (बागपत)। तहसील में हिंदू जागरण मंच के जिला अध्यक्ष मधुसूदन शास्त्री के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को हिलवाड़ी के ग्रामवासी ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर तहसील परिसर पहुंचे और उन्होंने राशन डीलर के खिलाफ नारेबाजी की और डीलर पर धांधली करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि हिलवाड़ी का राशन डीलर गरीब लोगों को राशन नहीं देता डरा धमका कर भगा देता है । जब भी गांव के लोग अपना राशन लेने के लिए डीलर के यहां जाते हैं तो डीलर कहता है कि पर्ची अभी नहीं निकल रही है, पर्ची निकलेगी तो राशन मिलेगा । उनके अंगूठे लगवा कर भेज देता है, बाद में पर्ची निकाल कर उनका राशन ब्लैक में बेच देता है । इसकी शिकायत पहले भी कई बार की जा चुकी है, मगर आज तक भी प्रशासन ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की अगर डीलर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो गांव के लोग बड़ौत तहसील में धरना देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से यह धंधा बड़े जोड़तोड़ के साथ चल रहा है । उन्होंने आरोपी राशन डीलर की जांच करने की मांग की। इसमें अनुज, इंद्रपाल, विकास ,दीपक ,बाबू राम, सोमपाल ,अशोक ,ओमबीर, विजेंद्र ,कौशल ,लता ,मुकेश देवी, बीना देवी ,शांति ,उर्मिला, प्रमिला ,मोनी, राखी , बालेश देवी आदि रहे ।