डीएम के आदेश पर बीएसए ने जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। श्री जैन कन्या जूनियर हाईस्कूल की शिक्षिका चांदनी जैन की नियुक्ति की जांच डीएम के आदेश पर बीईओ बड़ौत व बीईओ छपरौली को सौंपी गई है। बीएसए राघवेंद्र सिंह ने बीईओ को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।
बड़ौत के प्रवीण कुमार ने श्री जैन कन्या जूनियर हाईस्कूल की शिक्षिका चांदनी जैन पर सरकारी कोष के घोटाले व फर्जी नियुक्ति का आरोप लगाते हुए आईजीआरएस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत की थी। आरोप था कि चांदनी जैन की नियुक्ति 14 नवंबर 2015 में विद्यालय में हुई थी। फर्जी अनुभव प्रमाण लगाया गया था। इसके अलावा उनके पास बीकॉम टीईटी की डिग्री है तथा बीकॉम योग्यता के आधार पर सहायक अध्यापिका के पद पर नियुक्ति का प्रावधान नहीं है। मेरिट में कई अभ्यर्थी ऊपर होने के बावजूद चांदनी जैन को ही नियुक्ति दी गई थी। पूर्व में तत्कालीन बीएसए योगराज ने शिक्षिका की नियुक्ति को अनियमित बताया था, इसके बावजूद भी शिक्षिका का वेतन नहीं रोका गया। मंगलवार को डीएम के आदेश पर बीएसए राघवेंद्र सिंह ने शिक्षिका की नियुक्ति की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन कर जांच के आदेश दिए है। बीएसए ने बताया कि शिक्षिका की नियुक्ति की जांच बीईओ छपरौली अजय कुमार व बीईओ बड़ौत विनोद कुमार को सौंपी गई है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।