बागपत की बड़ौत पुलिस ने शुक्रवार रात बावली गांव में एक घर पर छापा मारकर तमंचे बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। यहां से एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी तादाद में बने, अधबने तमंचे और इन्हें बनाने का सामान बरामद किया है। इन तमंचों का इस्तेमाल चुनाव के दौरान दहशत फैलाने में किया जाना था।
कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि एक सूचना के आधार पर उन्होंने एसएसआई फिरोज अख्तर के नेतृत्व में पुलिस बल को छापा मारने भेजा। पुलिस ने मकान को घेरकर तलाशी ली तो पशु बांधने वाली जगह एक युवक तमंचे बना रहा था। पकड़ा गया युवक संदीप पुत्र हरबीर निवासी पट्टी मोहलू बावली का रहने वाला है। पुलिस ने यहां से ड्रिल मशीन, पंखा, हैमर व अन्य सामान भी बरामद किया है। युवक ने पूछताछ में बताया कि वह एक तमंचे को चार हजार रुपये में बेचता है। पकड़े गए युवक ने अपने साथियों के नाम भी बता दिए हैं। उसने इन तमंचों के खरीदारों के नाम भी पुलिस को बता दिए हैं।