तुगाना गांव की सिंडिकेट बैंक शाखा तुगाना में हुई 15 लाख रुपये की लूट का पुलिस चार दिन बाद भी खुलासा नहीं कर पाई। वारदात के तार जोडने में अभी तक पुलिस नाकाम रही है। आईजी आलोक सिंह ने खुलासे में लगी टीमों से अपडेट लेकर समीक्षा की। डीजीपी भी घटना का खुलासा नहीं होने से नाराज है।
तुगाना गांव में स्थित सिंडिकेट बैंक में नौ सितंबर को दिन दहाड़े बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश मैनेजर हरमिंद्र की कनपटी पर तमंचा रखकर 15 लाख रूपये लूट ले गए थे। सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ लेकर चले गए थे। बैंक मैनेजर हरमिंदर सिंह ने अज्ञात खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। आईजी आलोक सिंह के खुलासे के लिए गठित टीमों को गाइड लाइन दे रहे है। चार जिलों की पुलिस चार दिन के बाद घटना का खुलासा नहीं कर पाई। जंगलों में प्रतिदिन कांबिंग की जा रही है।
एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव भी टीम के साथ खुलासे के लिए लगे हुए हैै। पुलिस अफसरों की टेंशन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। पुलिस अफसर महत्वपूर्ण इनपुट मिलने का दावा कर रहे है। यह भी दावा किया जा रहा है कि घटना में आसपास के ही बदमाश शामिल थे, लेकिन पुलिस बदमाशों का पता लगाने में विफल साबित हो रही है। बैंक में लूट की घटना के बाद से अन्य बैंकों के अधिकारियों में भी दहशत फैली हुई है। बैंकों में पुलिस सुरक्षा बढ़ाई गई है। बदमाश स्थानीय हैं और वारदात में छात्रों के शामिल होने का अनुमान हैं। शिनाख्त के लिए युवाओं की मदद भी पुलिस लेने में जुटी है।
डबल लाइन पर हो रही जांच
एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस को दो महत्वपूर्ण लाइन मिल गई है। जिन पर काम किया जा रहा है। बदमाशों की पहचान के लिए सर्विलांस की मदद ली जा रही है। पुलिस की कई टीमें लगी हुई है।
बैंक में बृहस्पतिवार को हुआ लेन-देन
सिंडिकेट बैंक शाखा तुगाना में लूट की घटना के बाद बृहस्पतिवार को लेन-देन का कार्य शुरू हुआ। बैंक में कम ग्राहक पहुंचे। कई दिनों तक लेन-देन बंद रहने के बाद ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर लूट की वारदात चर्चा का विषय बनीं रही। यहां पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा।
चार जिलों और चार राज्यों में दबिश
पुलिस ने यूपी के कई जिलों के अलावा दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड़ में भी दबिश दी है। इसके अलावा बागपत, शामली, पानीपत और मुजफ्फरनगर में भी पुलिस की टीम डेरा डाले हुए हैं।
लावारिस बाइक की भी पुलिस को तलाश
वारदात के दिन जितनी लावारिस बाइक मिली हैं, पुलिस उनकी छानबीन में जुटी है। आसपास के जिलों में खासकर शामली में यह जांच कराई जा रही है कि क्या कोई बाइक लावारिश मिली है। अभी तक पुलिस के हाथ कोई बड़ा इनपुट नहीं लगा है।
लूट के मास्टरमाइंड अपराधियों से पूछताछ
पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लूट के मास्टरमाइंड अपीराधियों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
जेल में छानबीन कर रही पुलिस
कैश लूट के तार कहीं जिला कारागार से तो नहीं जुड़े हैं, पुलिस इसकी भी छानबीन कर रही है। मिलाई पर पहुंचने वाले लोगों की सूची खंगाली जा रही है।