बड़ौत (बागपत)। ऑल इंडिया बैंक इंप्लॉयज एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार को बैंक कर्मियों की हड़ताल रहेगी। इसके अलावा विभिन्न मांगों को लेकर राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन का भी कार्य बहिष्कार रहेगा। ऐसे में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
यूएफबीयू के संयोजक विक्रम सिंह आर्य, सिंडिकेट बैंक मैनेजर हुरमेंद्र ने बताया कि नोटबंदी के बाद से उत्पादक करने वाली यूनिट बंद होने लगी थी। अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग एजेंसीज ने देश की जीडीपी 2 प्रतिशत कम होने की घोषणा कर दी थी। फलस्वरूप आयात बढ़ने लगा और अर्थव्यवस्था डगमगाने लगी। देश में बैंकों को प्राइवेट हाथों में देकर सरकार जनता के धन को कुछ चहेते उद्योगपतियों को देकर धोखा कर रही है। इस समय बैंकों में भर्तियां करके रोजगार उपलब्ध कराने की थी। मगर, सरकार रोजगार कम करने वाली घोषणाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मी अपनी मांगों को मनवाने तक संघर्ष करते रहेंगे। इसी को लेकर सोमवार को जनपद में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल रहेगी। उधर, अवर अभियंता ऊर्जा निगम गुलशन कुमार ने बताया कि नेशनल कोआर्डिनेशन कमेटी ऑफ इलेक्ट्रिसिटी इंप्लॉइज एंड इंजीनियर्स व ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ पावर डिप्लोमा इंजीनियर्स के आह्वान पर बिजली क्षेत्र में निजीकरण व अन्य मांगों को लेकर सोमवार को कर्मचारियों की भी हड़ताल रहेगी।