राज्य निर्वाचन आयोग ने तय किए सभी पदों के मतपत्र के रंग
ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नीले रंग का होगा मतपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाताओं में भ्रम की स्थिति न हो, इसके लिए मतदान के दौरान अलग-अलग रंग के बैलट पेपर (मतदान पत्र) होंगे। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए गुलाबी और ग्राम प्रधान पद के लिए हरे रंग का मतदान पत्र होगा। साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए सफेद रंग और ग्राम पंचायत सदस्य पद के चुनाव के लिए नीले रंग का मतदान पत्र होगा।
प्रशासनिक स्तर पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। संभावित प्रत्याशी वोटरों को रिझाने में लगे हैं, तो कोई रूठों को मनाने में लगा है। चुनाव के दौरान मतदाता को ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए एक साथ मतदान करना होना है। मतदान में मतदाताओं को भ्रम की स्थिति न हो, इसके लिए अलग-अलग पद के चुनाव के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र पर मतदानेे करना होगा।
जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने अलग-अलग पद के मतदान करने के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान पद के लिए हरा, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए सफेद, जिला पंचायत सदस्य पद के लिए गुलाबी और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नीला रंग का मतपत्र पर मतदान करना होगा। इससे मतदाता भ्रम की स्थिति में नहीं फंसेंगे।