बडौत के बावली गांव की महिलाओं ने कोताना रोड स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और अवर अभियंता चेकिंग के नाम पर महिलाओं व युवतियों से छेड़खानी व अभ्रदता करने का आरोप लगाया और नारेबाजी की। चेतावनी दी कि यदि जल्द जेई के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो महिला एवं पुरुष हाईवे जाम कर देंगे। जिसके जिम्मेदार ऊर्जा निगम के अधिकारी होगें।
सूचना के अनुसार मंगलवार को बावली गांव की काफी संख्या में महिलाएं ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर पहुंची और जेई विशाल के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। महिलाओं का कहना था कि समय पर बिजली बिल जमा करने के बावजूद भी चेकिंग के नाम पर अवर अभियंता महिलाओं व युवतियों के साथ अभ्रदता व छेड़खानी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Meerut: अचानक मंडप में पहुंची पहली पत्नी, बोली-तीन साल पहले की थी कोर्ट मैरिज, वापस लौटी बरात
जिसकी शिकायत पहले भी ऊर्जा निगम केअधिकारी को दे रखी है, लेकिन इसके बावजूद भी अवर अभियंता अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे और न हीं शिकायत पर जेई के खिलाफ कोई कार्रवाई हो रही है, लेकिन अब जेई की मनमानी बर्दाश्त नहीं होगी। यदि जेई के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो दिल्ली सहारनपुर हाईवे अवरुद्ध कर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता दुर्गेश जयसवाल से बात हुई तो उन्होंने बताया कि उनकी हाल ही में तैनाती हुई है और वह किसी काम से बाहर गए हैं। लिखित में शिकायत आने पर जेई के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उधर जेई विशाल ने आरोपों को निराधार बताया। प्रदर्शन व हंगामा करने वाली महिलाओं में बबीता, रेखा, सुनीता, पारुल, पूनम, सोहनवीरी आदि मौजूद रहीं।