अग्रवाल मंडी टटीरी क्षेत्र के एक गांव के पूर्व प्रधान की पुत्रवधू की गर्दन की हड्डी टूटी हुई मिली और उसके शरीर पर चोट के 20 से अधिक निशान मिले। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म होने की भी आशंका जताई गई। हत्या के खुलासे के लिए पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालाी, जिनमें गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर तक महिला अकेली नजर आई। वहीं पुलिस को नशेड़ियों पर हत्याकांड को अंजाम देने का शक है, जिसको लेकर कई से पूछताछ की गई।
पूर्व प्रधान की पुत्रवधू कई दिन पहले अपने मायके गई थी, वहां से बुधवार शाम वापस लौटते समय रास्ते से लापता हो गई थी। परिजनों ने उन्हें देर रात तक तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बृहस्पतिवार दोपहर सूरजपुर महनवा गांव में रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में उसका शव निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा मिला। लोगों ने शाम को सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया। वहां पर पुलिस अधिकारियों ने 48 घंटे में खुलासा करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
उधर, पोस्टमार्टम के बाद देर रात परिजन शव घर ले गए और शुक्रवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के गले की हड्डी टूटी मिली और शरीर पर 20 जगह चोट के निशान थे। जांच में जुटे पुलिसकर्मियों को जंगल में रेलवे ट्रैक के आसपास नशा करने वाले कुछ नशेड़ियों पर शक है, जिसको लेकर छह लोगों से पूछताछ की गई है। इसमें जांच अधिकारी ब्रजेश कुमार का कहना है कि महिला से दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है, जिसके लिए नमूना लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
नशेड़ियों पर वारदात का शक
जिस तरह से महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, उससे यह माना जा रहा है कि घटना में दो से ज्यादा लोग शामिल रहे हैं। यह भी माना जा रहा है कि रेलवे ट्रैक के किनारे पर शाम को काफी नशेड़ी रहते हैं। हालांकि पुलिस इनके अलावा भी कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।