मौके पर पहुंची पुलिस। सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के राष्ट्र वंदना चौक के पास एक रेस्टोरेंट में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पति ने अपनी पत्नी को एक एडीओ (सहायक विकास अधिकारी) के साथ चाय पीते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गुस्से से आग-बबूला हुए पति ने दोनों की लात-घूंसों से पिटाई कर दी, जिससे मौके पर मौजूद ग्राहकों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और तीनों को कोतवाली ले गई।
यह घटना राष्ट्र वंदना चौक स्थित एक लोकप्रिय रेस्टोरेंट में हुई। बताया जा रहा है कि एडीओ और महिला कर्मी, जो संभवतः एक ही कार्यालय में कार्यरत हैं, दोपहर के भोजन के समय रेस्टोरेंट में चाय पी रहे थे। तभी महिला का पति अचानक वहां आ धमका। अपनी पत्नी को किसी अन्य पुरुष के साथ देखकर वह आपे से बाहर हो गया और उसने तुरंत अपनी पत्नी और एडीओ को पीटना शुरू कर दिया।
पति के हिंसक रवैये से रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य ग्राहक भी सहम गए। हंगामा बढ़ता देख, कुछ लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति के हमले में महिला और एडीओ को चोटें आई हैं।
पुलिस ने तीनों संबंधित व्यक्तियों को पूछताछ के लिए कोतवाली थाने में ले गई है। इस घटना के बाद रेस्टोरेंट में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बना रहा। स्थानीय पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार की जाएगी।