छपरौली स्थित हलालपुर गांव के प्रधान सुधीर के छोटे भाई संजीव (50) की बुग्गी के खलवों से पीटकर हत्या कर दी गई। उन्हें बचाने आए प्रधान सुधीर और उनके छोटे भाई राजीव के साथ भी मारपीट की गई। प्रधान सुधीर ने सगे चाचा सेवानिवृत्त एएसआई उदयराज और उनके बेटे सिपाही सन्नी व आर्यन पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रधान सुधीर खोखर ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह अपने भाई राजीव के साथ ईंट भट्ठे पर पहुंचे तो वहां पर सगे चाचा उदयराज ने अपने बेटे सन्नी और आर्यन उर्फ पोलू के साथ गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर रखी थी। वहां खड़े लिपस्टिक के पेड़ तोड़ रहे थे। उन्होंने पेड़ तोड़ने का विरोध किया तो तीनों ने कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज की। तभी छोटा भाई संजीव भी वहां आ गया, जिसने गाली-गलौज का विरोध किया तो तीनों ने बुग्गी के खलवों से तीनों पर हमला कर दिया।
खलवे के कई वार होने से संजीव घायल होकर जमीन पर गिर गया। संजीव के मुंह से खून आने पर छपरौली सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि चाचा उदयराज दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त एएसआई है और सन्नी यूपी पुलिस में सिपाही है।
इस मामले में सीओ अंशु जैन का कहना है कि प्रथमदृष्टया जांच में मृतक संजीव के शरीर पर कोई खुली चोट नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उसमें मौत होने का कारण स्पष्ट होगा, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
ये भी देखें...
अंकुश हत्याकांड का खुलासा: बहन को पीटने पर जीजा का गिरेबान पकड़ा, रंजिश में रच दी हत्या की साजिश, दो गिरफ्तार