खतौली के रहने वाले फैक्टरी मालिक मनोज कुमार के साथ 18 नवम्बर की रात चार बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। लुटेरे फैक्टरी मालिक से कार और दो लाख रुपए की नगदी लूटकर फरार हो गए। लूटपाट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस टीम की फैजपुर निनाना गांव के जंगल में मुठभेड़ हो गई।
लुटेरों की गोली लगने से सिपाही धीरज कुमार घायल हो गया। इसके बाद पुलिस की फायरिंग में लुटेरा आमिर और साहिल निवासी मुगलपुरा मोहल्ला, बागपत घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायल लुटेरों के साथ उनके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल लुटेरे और पुलिसकर्मी का जिला अस्पताल में उपचार कराया। पुलिस ने लूटी गई कार और नगदी के अलावा तमंचे कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किया।