फ्लिपकार्ट के गोदाम से 77 लाख के मोबाइल व अन्य सामान गायब किया गया था। ये लोग सीसीटीवी कैमरों के सामने डिब्बे रखकर उसे बाधित कर देते थे। गोदाम मैनेजर समेत कई आरोपी अभी वांछित हैं।
बड़ौत में फ्लिपकार्ट के गोदाम से 77 लाख रुपये के मोबाइल व अन्य सामान के गबन के मामले में पुलिस ने कर्मचारी हिमांशु निवासी आजाद नगर बड़ौत, अभिषेक निवासी हाथी करौदा और अनिल निवासी नयागांव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 40 लाख रुपये के 42 मोबाइल भी बरामद किए हैं। वहीं गोदाम के मैनेजर आशीष चौधरी समेत अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है।
विज्ञापन
इंस्टाकार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मैनेजर रामभवन सिंह वासी सेक्टर-119 आम्रपाली प्लेटिनम नोएडा ने पुलिस से शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड को लॉजिस्टिक सेवा देती है। इनके बागपत, बड़ौत व खेकड़ा में डिलीवरी गोदाम हैं। पिछले डेढ़ साल में कंपनी से बड़ौत गोदाम में भेजे गए मोबाइल समेत अन्य सामानों की डिलीवरी में गड़बड़ी मिल रही थी। गोदाम मैनेजर आशीष चौधरी ने सामान की सूची भेजकर डिलीवरी नहीं होने की जानकारी दी।
शक गहराने पर ऑडिट कराया तो 77 लाख रुपये के सामान का गबन होना सामने आया। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करके जांच कराई गई। जांच में पता चला कि बड़ौत के डिलीवरी गोदाम पर कंटेनर आने पर कर्मी वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के सामने सामान के डिब्बे रखकर दृश्यता बाधित कर देते थे। इससे वहां की गतिविधि की फुटेज कैद नहीं हो पाती थी। गोदाम मैनेजर आशीष चौधरी ने साथी कर्मियों के साथ मिलकर गायब किए गए मोबाइल समेत अन्य सामान हरिद्वार, देहरादून, शामली और मुजफ्फरनगर के लोगों को बेच दिए।
इस मामले में नामजद आरोपी अभिषेक, हिमांशु और अनिल को गिरफ्तार कर बेचे गए एप्पल, सैमसंग समेत अन्य कंपनियों के 42 मोबाइल बरामद किए, जिनकी कीमत 40 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इसमें शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जांच में सामने आएंगे कई नाम
एसपी के अनुसार इस मामले में नामजद किए गए आरोपियों के अलावा अन्य आरोपी भी शामिल हैं। पुलिस की जांच में हरिद्वार के दो युवकों की भूमिका भी सामने आई, लेकिन अभी दोनों हाथ नहीं लगे। पुलिस का दावा है कि जांच चल रही है। साक्ष्य मिलने पर हरिद्वार के युवकों को भी आरोपी बनाया जाएगा।