अनिल की फाइल फोटो (पिंक शर्ट में) और हत्यारोपी निखिल।
- फोटो : अमर उजाला
बिनौली के मुकीमपुरा गांव में मंगलवार रात अनिल निवासी टियावा उर्फ इटावा जिला मुजफ्फरनगर की हत्या अरविंद ने नहीं, उसके बेटे निखिल ने क्रिकेट बैट से सिर पर वार करके की थी। बेटे को बचाने के लिए अरविंद ने हत्या का आरोप अपने ऊपर ले लिया था, लेकिन अनिल के साथ आए दोस्त वीशू ने पुलिस को सच्चाई बता दी। पुलिस ने निखिल को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त क्रिकेट बैट बरामद कर लिया है।
मुजफ्फरनगर जिले के टियावा उर्फ इटावा गांव निवासी सुनील ने बताया कि उसका भाई अनिल अपने दोस्त वीशू निवासी खाखरोबार बुढ़ाना के साथ मुकीमपुरा गांव में बड़े भाई किरणपाल की ससुराल आया था। वहां पर अपनी भाभी सविता की चचेरी बहन से बातचीत करने लगा, तभी वहां पर सविता का चचेरा भाई निखिल आ गया और दोनों को बात करते देख आग बबूला हो गया।
निखिल ने गुस्से में क्रिकेट बैट उठाकर अनिल के सिर पर मार दिया। इससे अनिल की मौत हो गई। वहां खड़े वीशू को भी अपने घर में कमरे में बंद कर आरोपी भाग गया। पुलिस के आने के बाद वीशू वहां से निकला और उसने घटना के बारे में बताया। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी निखिल को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त क्रिकेट बैट बरामद किया।
मृतक का दोस्त बोला, बुलाकर की गई हत्या
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सुनील ने बताया कि उसके भाई किरणपाल शामली में पीएनबी बैंक शाखा के प्रबंधक है और उसकी भाभी सविता भी बैंककर्मी है। अनिल परिवार में सबसे छोटा है और उसने कुछ दिन पहले ही आईटीआई की थी। बताया कि सविता के पास उसकी चचेरी बहन पांच साल तक रही और वहीं पर पढ़ाई की। इस दौरान अनिल का उसके साथ प्रेम प्रसंग हो गया और अनिल उससे शादी की जिद करने लगा। इस कारण ही अनिल को मुकीमपुरा बुलाकर हत्या की गई है।
ये बोले एसपी
भाई की ससुराल में आए युवक की हत्या में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या करना सामने आया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
- सूरज कुमार राय, एसपी