दहेज में थार गाड़ी और पांच लाख रुपये मिलेंगे, तभी हम बरात लेकर आएंगे। निकाह से एक दिन पहले मुजफ्फरनगर के पुरबालियान के लड़का पक्ष ने यह मांग रखी तो असारा गांव के लड़की पक्ष वालों ने हाथ भी जोड़े। मगर, लड़के पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। युवती के पिता ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
रमाला के असारा गांव में रहने वाले तनवीर ने बताया कि एक साल पहले उसने अपनी बेटी का रिश्ता पुरबालियान गांव के वसीम के साथ तय किया था और निकाह 21 फरवरी को होना था। रिश्ता तय होने के बाद सगाई की रस्म में उन्होंने दो लाख रुपये, बुलेट बाइक, पांच लाख के जेवर, कपड़ा समेत अन्य सामान दिया। आरोप लगाया कि दूल्हे वसीम और उसके परिवार वालों ने निकाह से एक दिन पहले दहेज में थार गाड़ी और पांच लाख रुपये की मांग कर दी।
मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हे पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। दहेज मिलने पर ही बरात लाने की बात कही। दहेज नहीं मिला तो वे बरात लेकर आए ही नहीं। उनकी बेटी हाथों पर मेंहदी सजाए रोती रही। पिता तनवीर ने बेटी को समझाया कि अच्छा हुआ जो ऐसे दहेज लोभियों के साथ शादी नहीं हुई, नहीं तो ये लोग बाद में भी परेशान करते। सीओ विजय तोमर ने बताया कि तहरीर मिलने पर वसीम, प्रवीण, रहीसू, आसिफ निवासी पुरबालियान जिला मुजफ्फरनगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।