जानकारी के अनुसार, बागपत के गांव भागोट निवासी गौ रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्की नंबरदार का वर्ष 2021 से एक मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि एसडीएम का निजी चालक निशु त्यागी इस मामले को रफा-दफा कराने के लिए अक्की नंबरदार से दो लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। सोमवार को निशु त्यागी ने अक्की नंबरदार से रिश्वत की पहली किश्त के तौर पर एक लाख रुपये लिए।
जैसे ही निशु त्यागी ने रिश्वत की रकम पकड़ी, पहले से घात लगाए बैठी एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। मेरठ प्रभारी मयंक कुमार अरोड़ा के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। रिश्वत की रकम बरामद होने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासनिक महकमे में हड़कंप
एसडीएम के निजी चालक की गिरफ्तारी से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी की समस्या को उजागर किया है। एंटी करप्शन टीम आगे की जांच कर रही है और इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है। स्थानीय लोगों ने एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई की सराहना की है और ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।