रेलवे विभाग ने बुलडोजर चलाकर की कार्रवाई।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत जनपद के अग्रवाल मंडी टटीरी में मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे किनारे रेलवे की भूमि पर बनी करीब 20 दुकानों पर बृहस्पतिवार को बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करा दिया गया। वहां दुकानें तोड़ने को लेकर हंगामा हुआ। दुकानें तोड़ने पर दुकानदारों ने व्यापार की चिंता भी जताई।
कस्बे में रेलवे के अधिकारियों ने 250 दुकानदारों को नोटिस जारी कर रेलवे की जमीन खाली करने के निर्देश दिये थे। इसके चलते बृहस्पतिवार को रेलवे के अधिकारी बुलडोजर और पुलिस फोर्स लेकर मेरठ-बागपत हाईवे पर रेलवे फाटक के पास पहुंचे। जहां उन्होंने बुलडोजर चलाकर ओमप्रकाश, मोनू, लोकेश, यूनुस, किशन, सुंदरलाल, डॉ. किशनचंद जैन, रविंद्र, सत्यपाल, हरिओम गुप्ता, अतुल गुप्ता, सुमित वर्मा समेत 20 दुकानों पर बल्डोजर चलाना शुरू किया। इसे देखते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जहां कुछ दुकानदारों ने दुकानों को तोड़ने को लेकर विरोध जताया और उनकी अधिकारियों से नोकझोंक हुई।