- एसपी कार्यालय पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में शत प्रतिशत 125 अंक प्राप्त किए गए
- जिले के सभी थाने भी पहले स्थान पर रहे, एसपी ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आदेश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। आईजीआरएस पर शिकायतों के निस्तारण में बागपत जिले को नवंबर में लगातार दूसरे महीने प्रदेश में पहला स्थान मिला है। जिले के सभी थाने भी पहले स्थान पर आए हैं। एसपी सूरज कुमार राय ने आगे भी इस तरह लोगों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के आदेश थानेदारों को दिए हैं।
आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों का जिला व थाना स्तर पर निस्तारण कराया जाता है। यहां से निस्तारण होने के बाद उन शिकायतों का पीड़ितों से शासन से फीडबैक लिया जाता है। उस फीडबैक के आधार पर नंबर मिलने पर रैंक जारी होती है। बागपत की सितंबर में 56वीं रैंक थी। एसपी सूरज कुमार राय ने अपने स्तर से इसकी मॉनिटरिंग शुरू की और थानेदारों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इसका असर रहा कि अक्तूबर के बाद नवंबर में लगातार दूसरे महीने रैंक जारी होने पर बागपत जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिला।
- सभी 11 थाने भी टॉप पर रहे
जिले के सभी थाने भी पहले स्थान पर रहे हैं। बागपत, बड़ौत, खेकड़ा, सिंघावली अहीर, बालैनी, चांदीनगर, बिनौली, दोघट, रमाला, छपरौली, महिला थाना भी शिकायतों के निस्तारण में पहले स्थान पर आए हैं। एसपी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण को लेकर यह ध्यान रखा जा रहा है कि कोई गलत तरीके से उनका निस्तारण न करे।