बागपत में सूरजपुर महनवा गांव के एक मकान में चल रही अवैध तमंचे और पिस्टल बनाने की फैक्टरी का पुलिस ने छापामारी कर भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने तमंचे बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि सरगना हाथ नहीं लग पाया। छापामारी में पुलिस ने पांच तमंचे, चार अधबने तमंचे, शस्त्र बनाने के उपकरण, वैल्डिंग मशीन समेत अन्य सामान बरामद किया।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए बताया कि कोतवाली पुलिस ने सूरजपुर महनवा गांव में एक मकान में छापामारी कर तमंचे की फैक्टरी पकड़ी। जहां सूरजपुर महनवा गांव के नौशाद को तमंचे बनाते हुए गिरफ्तार किया गया, जहां से तमंचे, अधबने तमंचे समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए। एसपी ने बताया कि नौशाद अपने भाई के मकान में फैक्टरी में तमंचे बनाने का काम करता था। जिन्हें अहैड़ा गांव का रहने वाला उसका साथी सोनू उर्फ बाबा यूपी, हरियाणा, दिल्ली समेत कई राज्यों में सप्लाई करता था। एसपी ने बताया कि तमंचा बनाने वाले नौशाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।