शहर के मोहल्ला मुगलपुरा में रहने वाले फिरोज ने बताया कि उसके भाई शकील के घर में घुसकर 21 अगस्त को कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। इसमें मोहल्ले के ही दिलशाद, मोहम्मद, सुहेल, आसिफ समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया, इसकी जांच चौकी प्रभारी को दी गई। आरोप लगाया कि चौकी प्रभारी ने मुकदमे में कार्रवाई करने के लिए उससे 25 हजार रुपये की मांग की। उसने 25 हजार रुपये दे दिए, इसके बाद 50 हजार रुपये की मांग की गई। फिरोज ने रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
25 हजार लेकर भेज देना
सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो में शिकायतकर्ता बीस हजार रुपये देने की बात कह रहा है तो चौकी प्रभारी 25 हजार रुपये तय होने की बात कहते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा एक युवक का नाम लेकर रुपये लेकर आने की बात भी कह रहे हैं।
दरोगा पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया
फिरोज ने बताया कि वीडियो बनाई जाने का पता चलते ही चौकी प्रभारी ने कई बार उस पर समझौता करने का दबाव बनाया और कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया। इसके बाद उसे तलाशने के लिए पुलिस कर्मियों को भी भेजा गया। जिसमें एक अन्य वीडियो वायरल हुई और चौकी प्रभारी उसकी दुकान पर पहुंच गया।